किसानों ने एकजुट होकर लड़ाई लड़ने का किया आह्वान
गढ़मुक्तेश्वर। गांव सिखैड़ा में अंडरपास की मांग को लेकर चल रहा किसानों का धरना जारी है। किसानों ने जल्द ही उग्र आंदोलन करने की चेतावनी दी है।
सिंभावली क्षेत्र के गांव सिखैड़ा के किसान और ग्रामीण निर्माणाधीन हाईवे बाईपास पर गांव के जंगल के निकट अंडरपास बनवाने की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन धरना दे रहे हैं। जो रविवार को 38वें दिन भी जारी रहा। किसान अरविंद त्यागी ने गांव के किसानों से एकजुट होकर लड़ाई लड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह समस्या एक-दो लोगों की नहीं, अपितु सभी ग्रामीणों की है। इसलिए सभी को मिलकर संघर्ष करना है। जब तक अंडरपास नहीं मिल जाता, तब यह लड़ाई जारी रहेगी। किसानों ने कहा कि शासन-प्रशासन को हमारी जनहित की मांग को मान लेना चाहिए, लेकिन अधिकारियों की मनमानी के चलते ऐसा नहीं हो पा रहा है। कहा कि यदि जल्द मांग ही मानी गई, तो किसान उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर हो जाएंगे। धरने में डॉ. तनवीर, इमरान त्यागी, इकबाल त्यागी, शहजादा चौधरी, अब्दुल वाहिद, इस्लाम, बोबी, नाजिम, मुशाहिद, ताहिर, राकिब, गुल्लू, असगर समेत अन्य ग्रामीण शामिल रहे। संवाद