बार एसोसिएशन उपाध्यक्ष पर अनाधिकृत बैठक का आरोप
गढ़मुक्तेश्वर। बार एसोसिएशन गढ़मुक्तेश्वर द्वारा आगामी चुनाव के संबंध में गठित की गई एल्डर कमेटी ने बृहस्पतिवार को निवर्तमान कार्यकारिणी में उपाध्यक्ष रहे शीशपाल सिंह समेत बार एसोसिएशन के कई सदस्यों को नोटिस भेजा है। एल्डर कमेटी के सदस्य सुबोध त्यागी, कृष्णलाल चौहान, मोहम्मद कलीम, सुकेंद्र सिंह, अमरपाल चौधरी का कहना है कि बार के वार्षिक चुनाव के संबंध में 17 अगस्त को हुई बैठक में कार्यकारिणी को भंग कर एल्डर कमेटी का गठन कर दिया गया था। जिसमें चुनाव के संबंध में सर्वाधिकार एल्डर कमेटी को दिए गए थे। मोहम्मद कलीम ने बताया कि इसके बावजूद भी शीशपाल सिंह समेत अन्य अधिवक्ताओं द्वारा बृहस्पतिवार को चुनाव के संबंध में एक बैठक का आयोजन किया गया। जोकि पूरी तरह अनाधिकृत है। वहीं एल्डर कमेटी का अपमान भी किया गया है। जिसके चलते कमेटी के सदस्यों ने शुक्रवार को निवर्तमान उपाध्यक्ष को स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया है।