बिजली उपभोक्ताओं के उत्पीड़न पर भड़के आप कार्यकर्ता
गढ़मुक्तेश्वर। आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने विद्युत निगम के एक्सईएन को ज्ञापन देकर उपभोक्ताओं का उत्पीड़न न रुकने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
आम आदमी पार्टी जिलाध्यक्ष डॉ. नरेंद्र सोलंकी ने कहा कि विद्युत निगम की टीमें गांवों में जाकर छापे मार रही रही हैं। उन्होंने कहा कि कार्रवाई के दौरान निगम की टीमों द्वारा गलत पेनल्टी लगाकर लोगों को परेशान किया जा रहा है। इस पर तुरंत रोक लगाई जानी चाहिए। शुगर मिलों द्वारा किसानों को बकाया गन्ना भुगतान नहीं दिया जा रहा। वहीं कोरोना संक्रमण और भुगतान न मिलने के कारण किसान आर्थिक तंगी में हैं, लेकिन विद्युत निगम द्वारा बिलों की वसूली को लेकर कड़ा रुख अपनाया जा रहा है, किसानों के घरों और नलकूपों के कनेक्शन काटे जा रहे हैं। जिससे खेतों में खड़ी फसलों की सिंचाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है। उन्होंने बकाया भुगतान न मिलने तक किसानों से की जा रही वसूली भी रोके जाने की मांग की। किसानों का उत्पीड़न न रुकने पर आप कार्यकर्ताओं ने विद्युत निगम के खिलाफ आंदोलन करते हुए अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन की चेतावनी भी दी। इस मौके पर धर्मेंद्र सिंह, उदयवीर शर्मा, राज महेंद्र सिंह, आकिल चौधरी समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।