स्वाइन फ्लू से कपूरपुर में तैनात उपनिरीक्षक की मौत
हापुड़। थाना कपूरपुर में तैनात उप निरीक्षक राकेश मावी (38) की स्वाइन फ्लू से मौत हो गई। सात अक्तूबर से दरोगा का जिला मेरठ के एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा था। स्वास्थ्य विभाग ने स्वाइन फ्लू से मौत की पुष्टि की है। दरोगा की मौत से पुलिस विभाग में शोक व्याप्त है। दरोगा के पार्थिव शव को उनके पैतृक निवास पर ले जाया गया। जहां मुजफ्फरनगर पुलिस ने गार्ड ऑफ ऑनर के साथ दारोगा को अंतिम विदाई दी। जिसके बाद गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार कोरोना काल में भी उप निरीक्षक राकेश मावी कोरोना से पीड़ित हुए थे। उपचार के बाद वे स्वस्थ हो गए। कुछ दिन पहले उन्हें बुखार हुआ था, जिसके बाद चिकित्सक को दिखाया गया तो उसने स्वाइन फ्लू की पुष्टि की। सात अक्तूबर को हालत बिगड़ने के बाद उन्हें मेरठ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां उनका उपचार चल रहा था। पिछले काफी दिनों से वे वेंटिलेटर पर थे।
मुजफ्फरनगर के थाना खतौली के रहने वाले थे
राकेश मावी जिला मुजफ्फरनगर के थाना खतौली के दुर्गापुरी के रहने वाले जयपाल सिंह के पुत्र थे। वर्ष 2015 में राकेश मावी उत्तर प्रदेश पुलिस में बतौर दरोगा भर्ती हुए थे। प्रशिक्षण के बाद वर्ष 2017 में जिला मुरादाबाद में उनकी पहली पोस्टिंग हुई थी। वर्ष 2020 से वे हापुड़ में तैनात थे। वे यहां थाना पिलखुवा और कोतवाली हापुड़ नगर की चौकियों पर तैनात रहे। एक माह पहले उनका स्थानांतरण थाना कपूरपुर में हुआ था।
स्वाइन फ्लू से मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट
सीएमओ सुशील त्यागी ने दरोगा की स्वाइन फ्लू से मौत की पुष्टि की है। जिले में स्वाइन फ्लू से पीड़ित मरीजों की संख्या दो थी। इस वर्ष स्वाइन फ्लू से यह पहली मौत है। दरोगा की मौत स्वाइन फ्लू से होने के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है।