भाकियू टिकैत ने ढोलपुर बिजलीघर का किया घेराव
गढ़मुक्तेश्वर। बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव डहरा कुटी पर मंगलवार को भाकियू टिकैत की मासिक पंचायत का आयोजन किया गया। जिसमें किसानों की समस्याओं समेत ढोलपुर बिजलीघर पर तैनात जेई और अन्य कर्मचारियों की अभद्रता का मुद्दा उठाया गया। इस दौरान अधिकारियों के न पहुंचने पर बिजलीघर का घेराव किया गया।
पंचायत की अध्यक्षता करते हुए फूल सिंह ने कहा कि शासन और प्रशासन चीनी मिलों के दबाव में काम कर रहा है, जिसके चलते किसानों को पिछले पेराई सत्र तक का गन्ना भुगतान नहीं मिल पाया है, इसके अलावा वर्तमान पेराई सत्र में अभी तक भी गन्ना मूल्य घोषित नहीं हो सका है। बिना अपनी फसल का मूल्य जाने ही किसान मिलों को बेचने के लिए विवश है। वहीं जीते चौहान ने कहा कि निराश्रित पशु भी किसानों समेत राहगीरों व वाहन चालकों के लिए मुसीबत बने हुए हैं। लेकिन इस समस्या का निस्तारण भी नहीं हो पा रहा। पंचायत के दौरान गांव ढोलपुर में स्थित बिजलीघर पर तैनात जेई और अन्य कर्मचारियों पर अभद्रता का मुद्दा उठा, जिसे लेकर भाकियू कार्यकर्ताओं ने थाने में शिकायती पत्र भी दिया। भाकियू द्वारा बुलाए जाने के बावजूद भी ऊर्जा निगम का कोई अधिकारी और कर्मचारी नहीं पहुंचा, जिससे कार्यकर्ता गुस्सा हो उठे। जीते चौहान के नेतृत्व में ढोलपुर बिजलीघर पहुंचकर कार्यकर्ताओं ने हंगामा और नारेबाजी शुरू कर दी। करीब एक घंटा बाद ऊर्जा निगम के एसडीओ और जेई बिजलीघर पहुंचे, जिनके आश्वासन पर धरना समाप्त हुआ। इस मौके पर बबली सिंह, कुसुम त्यागी, सविता देवी, परवेश, अनीता, राकेश कुमार, श्यामसुंदर त्यागी, खैर मोहम्मद, विकल नागर, चंद्रपाल सिंह, जयदेव चौहान समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। संवाद