गंगा मेले में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा
गढ़मुक्तेश्वर। गढ़ खादर मेले में लगने वाले ऐतिहासिक कार्तिक पूर्णिमा गंगा मेले में दीपदान पर्व पर 25 लाख श्रद्धालुओं ने पड़ाव डालते हुए गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। सड़क पर वाहनों के दबाव बढ़ने के चलते लाखों श्रद्धालुओं को गंगा मेले तक पैदल सफर करना पड़ा। वहीं मेले का मुख्य स्नान मंगलवार को(आज) होगा।
गढ़ खादर क्षेत्र में लगने वाले पौराणिक कार्तिक पूर्णिमा मेले में सोमवार की शाम को दीपदान पर्व पर 25 लाख से अधिक श्रद्धालु पड़ाव डाल चुके हैं, वहीं कार्तिक पूर्णिमा के स्नान के लिए श्रद्धालुओं का आगमन जारी है। मेले में लगातार श्रद्धालुओं का आगमन होने से भीड़ के साथ ही रौनक भी बढ़ती जा रही है। गंगा में स्नान के दौरान अठखेलियां करते हुए लाखों श्रद्धालु गंगा मैय्या का जयघोष कर रहे हैं। वहीं गंगा तट पर पूजा-अर्चना के साथ ही भगवान सत्यनारायण की कथा भी सुन रहे हैं। जिससे कार्तिक पूर्णिमा मेला स्थल का वातावरण भक्तिमय प्रतीत हो रहा है। दीपदान पर्व के चलते गढ़-चौपला समेत अन्य संपर्क मार्गों से लेकर गंगा खादर मेले तक वाहनों का दबाव बढ़ने के कारण श्रद्धालुओं को मजबूरन पैदल जाना पड़ रहा है।
वहीं गंगा मेले में श्रद्धालुओं के मनोरंजन के लिए लगाए गए झूले, सर्कस, मौत का कुआं में भारी संख्या में भीड़ उमड़ रही है। सदर बाजार, लाठी बाजार, मीना बाजार में लगी दुकानों से श्रद्धालु जमकर खरीदारी करने में जुटे हैं।
- जिला पंचायत श्रद्धालुओं की व्यवस्था में जुटा रहा
जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा नागर, प्रमोद नागर, जेई आदेश कुमार समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारियों ने सोमवार को दीपदान पर्व के मद्देनजर मेला क्षेत्र में मुख्य स्नानघाट समेत अन्य घाटों और बाजारों में लगातार भ्रमण किया। रेखा नागर ने अधिकारियों व कर्मचारियों को गंगा में लगाई गई बेरिकेडिंग समेत अन्य सुविधाओं पर लगातार नजर बनाए रखने और सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने का निर्देश दिया।
परेशान रहे श्रद्धालु, वाहनों में लटक कर किया सफर
कार्तिक माह की चतुर्दशी पर अपने दिवंगतों की आत्मा की शांति के लिए दीपदान करने के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ को आंबेडकर चौपाला से मेला जाने के लिए वाहनों की तलाश में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। श्रद्धालुओं को ट्रैक्टर-ट्राली, जुगाड़ वाहन, ऑटो समेत ई-रिक्शा में लटक कर करीब 5 किलोमीटर का सफर तय करना पड़ा।
- गंगा तट पर हुआ नवजात बच्चों का मुंडन
मेला स्थल पर गंगा तट पर पिछले एक सप्ताह से लगातार धार्मिक अनुष्ठान और कर्मकांड किए जा रहे हैं। वहीं सोमवार को भी श्रद्धालुओं ने गंगा तट पर विभिन्न घाटों पर नवजात बच्चों का मुंडन संस्कार कराया। जिसके बाद गरीब और निराश्रितों को दान भी दिया।
- लड्डू गोपाल को भी कराया गंगा स्नान
मेला क्षेत्र में पड़ाव डाले हुए काफी श्रद्धालु अपने साथ अपने ईष्ट लड्डू गोपाल को भी लेकर आए हैं। जो विभिन्न अनुष्ठान कराने के साथ ही गंगा स्नान करते हुए लड्डू गोपाल को भी गंगा में डुबकी लगवा रहे हैं। मेरठ क्षेत्र से पहुंची श्रद्धालु गीता, आराधना, समीक्षा का कहना है कि वह लड्डू गोपाल को अपने परिवार का हिस्सा मानती हैं। जो हर समय उनके साथ रहते हैं।