चढ़त में की हर्ष फायरिंग, नेशनल हाईवे पर एक होटल के पास हुई घटना
गढ़मुक्तेश्वर। कोतवाली क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर स्थित एक होटल में आयोजित शादी समारोह में चढ़त के दौरान हापुड़ निवासी एक युवक ने अपने गनर की लाइसेंसी बंदूक से हर्ष फायरिंग की। कोतवाली पुलिस ने आरोपी व गनर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कोतवाली पुलिस ने बताया कि देवोत्थान एकादशी 4 नवंबर की रात क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर स्थित एक होटल व बैंकेट हॉल में हापुड़ की आवास विकास कॉलोनी से एक युवक की बारात आई थी। बारात में चढ़त के दौरान देर रात शादी समारोह में आए मनी गुप्ता निवासी आवास विकास कॉलोनी हापुड़ ने अपने निजी गनर मंगल सिंह निवासी मोरपुर हापुड़ की लाइसेंसी बंदूक से बग्घी पर चढ़कर दूल्हे के बराबर में बैठकर हर्ष फायरिंग की। हर्ष फायरिंग से कार्तिक पूर्णिमा मेले के दौरान नेशनल हाईवे पर लोगों में दहशत का माहौल बन गया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की, लेकिन आरोपी पुलिस को नहीं मिल सका। सीओ स्तुति सिंह ने बताया कि हर्ष फायरिंग पूरी तरह प्रतिबंधित है। जिसके चलते मनी गुप्ता और मंगल सिंह के खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।