गढ़मुक्तेश्वर। गांव बागड़पुर निवासी अभिषेक ने एसपी अभिषेक वर्मा को शिकायती पत्र दिया है। जिसका कहना है कि आठ मार्च को दुल्हैंडी पर्व पर वह नगर के मोहल्ला राजीव नगर स्थित अपने मकान पर आया था। दोपहर करीब डेढ़ बजे तीन युवकों ने रास्ते में उसे रोक लिया और जबरन रंग लगाने लगे। जिसका विरोध करने पर आरोपियों ने बाइक की चाभी और सोने की चेन छीन ली। पीड़ित का कहना है कि चाभी और चेन वापस मांगने पर आरोपियों ने पिटाई कर उसे घायल कर दिया। इसी दौरान आरोपियों ने फोन कर अपने एक दर्जन से भी अधिक साथियों को मौके पर बुला लिया। जिन्हें देखकर उसने भागने का प्रयास किया, तो एक युवक ने तमंचे से उस पर फायर कर दिया। जिससे वह बाल-बाल बचा। इतना ही नहीं आरोपियों ने उस पर पथराव भी किया और बाइक भी क्षतिग्रस्त कर दी। पीड़ित का कहना है कि इस संबंध में उसने कोतवाली में तहरीर दी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो सकी। जिसके चलते उसे एसपी कार्यालय में शिकायत करनी पड़ी।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सोमवीर सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।