हापुड़। थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के गांव मुदाफरा में शुक्रवार सुबह पंचायती घर में तमंचा लोड करते समय अचानक गोली चल गई। गोली किशोर के हाथ लरी। बताया गया कि बृहस्पतिवार शाम उसने गांव के ही एक युवक से तमंचा व कारतूस लिए थे। जिन्हें दूसरे युवकों को दिखाने के दौरान गोली चल गई।
थाना प्रभारी निरीक्षक हेम सिंह ने बताया कि गांव मुदाफरा निवासी एक किशोर ने बृहस्पतिवार रात गांव के ही एक युवक से तमंचा और कारतूस लिया था। रात को उसने परिजन से छिपाकर तमंचा व कारतूस घर पर ही रख लिए थे। शुक्रवार सुबह सात बजे नाबालिग दोस्तों के साथ तमंचा व कारतूस लेकर गांव स्थित पंचायती भवन में पहुंचा। इस दौरान उसने तमंचे में कारतूस डाल दिया। आगे से नाल पकड़कर वह तमंचा लोड करने लगा। इस दौरान तमंचे से गोली चल गई। गोली किशोर के हाथ में लगी और लहूलुहान हो गया। परिजन भी मौके पर पहुंच गए और घायल को अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद नाबालिग को हिरासत में लिया गया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।