फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hapur News: सात माह की गर्भवती थी युवती, जिंदगी और मौत से कर रही जंग

Fri, 29 Sep 2023 10:10 PM IST
गाजियाबाद ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, हापुड़
विज्ञापन
विज्ञापन
गढ़मुक्तेश्वर। बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव नवादा खुर्द निवासी युवती को आग लगाने वाले मां व भाई को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार युवती सात माह की गर्भवती थी, जिसकी जानकारी मिलने पर आरोपी मां व भाई ने युवती की हत्या की योजना बनाई।
विज्ञापन


सीओ आशुतोष शिवम ने बताया कि बहादुरगढ़ के गांव चितौड़ा के चौकीदार सत्तार ने मुकदमा दर्ज कराया है। जिसमें उल्लेख किया है कि 28 सितंबर की शाम को पांच बजे पड़ोसी गांव नवादा खुर्द निवासी सुनील अपनी मां अशर्फी देवी के साथ बाइक पर अपनी 19 वर्षीय बहन मधु को लेकर चितौड़ा के जंगल में पहुंचा और मधु पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने झुलसी युवती को तुरंत गढ़ सीएचसी भेजा। जिसके बाद उसको मेरठ के लिए रेफर कर दिया गया था। सीओ ने बताया कि झुलसी युवती करीब 7 माह की गर्भवती थी, मधु के गर्भ में किस का बच्चा है, वह दोनों आरोपियों को भी नहीं पता है। सीओ ने बताया कि आरोपियों की निशानदेही पर ब्लेड, पेट्रोल की बोतल और घटना में प्रयोग होने वाली बाइक बरामद की है, दोनों के खिलाफ जान से मारने के प्रयास के मामले में मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार करते हुए न्यायालय में पेश किया है।

पिता फरार, चाचा करा रहे उपचार

सीओ आशुतोष शिवम ने बताया कि पूछताछ में आरोपी सुनील ने बताया उसने अपने चाचा की बाइक बाजार जाने के लिए मांगी थी। उससे पहले मां और बेटे ने युवती को मारने की पूरी योजना बनाई हुई थी। लेकिन जंगल में चीख पुकार सुनकर आसपास के लोगों द्वारा दी गई सूचना पर मां-बेटे की करतूत का खुलासा हो गया। जिसके बाद दोनों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया, वहीं घटना की जानकारी मिलते ही युवती का पिता फरार हो गया। झुलसी युवती का उपचार उसके चाचा करा रहे हैं।
विज्ञापन


पीड़िता के हैं दो बहन और एक भाई

परिजनों ने बताया कि पीड़िता की एक छोटी और एक बड़ी बहन हैं। वहीं इकलौता भाई है। आरोपी भाई सुनील गाजियाबाद की एक बिस्कुट फैक्ट्री में काम करता है। वहीं पुलिस द्वारा पूछताछ में आरोपी ने बताया कि बहन के गर्भवती होने की जानकारी उसे और उसकी मां को ही थी। आरोपियों ने कुलचे खिलाने के बहाने लाकर चितौड़ा के जंगल में घटना को अंजाम दिया। उसके पिता को इस बारे में कोई जानकारी नहीं थी।

मजिस्ट्रेट ने दर्ज किए बयान

मजिस्ट्रेट पवन कुमार सूचना मिलते ही उच्चाधिकारियों के निर्देश पर अस्पताल पहुंचे, जहां पर पीड़िता से वार्ता की गई। चिकित्सकों के अनुसार युवती की हालत काफी नाजुक है, जिसका उपचार मेरठ अस्पताल में चल रहा है। युवती से वार्ता के अनुसार बयान दर्ज कर लिए गए हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें