हापुड़ में थाना देहात क्षेत्र के गांव ततारपुर की एक छात्रा ने सीबीएसई 12वीं की परीक्षा में एक विषय में फेल होने के कारण फांसी लगाकर जान दे दी। परिजन आनन-फानन उसे अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार ततारपुर निवासी छात्रा ने गांव स्थित एक स्कूल में पढ़कर सीबीएसई बोर्ड की बारहवीं की परीक्षा दी थी। शुक्रवार को सीबीएसई का कक्षा 12वीं के रिजल्ट में वह एक विषय में फेल हो गई। जिसका सदमा वह बर्दाश्त नहीं कर पाई और अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल द्वारा पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की। जिस पर मृतका के परिजनों ने उसका पोस्टमार्टम न करने की अपील की। इस पर पुलिस ने मृतका के शव को उसके परिजनों को सुपुर्द कर दिया। इसके बाद परिजनों ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया।