पिलखुवा। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला निवासी किशोरी के गायब होने पर पुलिस ने बर्गर विक्रेता को पकड़ लिया। पुलिस का कहना था कि बर्गर विक्रेता ने अपने फोन से किशोरी की प्रेमी से बात कराई थी। इसके कारण दुकानदार को घंटों हवालात में गुजारने पड़े। हालांकि, देर रात किशोरी के मिलने पर पुलिस ने उसे छोड़ दिया।
नगर में एक व्यक्ति बर्गर, समोसा एवं चाऊमीन बेचने की दुकान करता है। बुधवार की देर शाम एक गांव निवासी कक्षा 12 की छात्रा उसकी दुकान पर पहुंची और उसने दुकानदार का मोबाइल लेकर अपने प्रेमी को फोन कर दिया। किशोरी ने प्रेमी से आत्महत्या करने की बात कहीं। किशोरी की बात से घबराए प्रेमी ने यह बात अपने पिता को बता दी और फोन नंबर भी दे दिया। जिसके बाद परिजनों ने मामले की शिकायत पुलिस से की। पुलिस ने फोन नंबर के आधार पर दुकानदार को उठा लिया, और किशोरी के बारे में पूछताछ की। बस अड्डा चौकी प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि किशोरी और पड़ोसी का प्रेम प्रसंग चल रहा है, किसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई। इसी को लेकर किशोरी ने दुकानदार से फोन मांगकर प्रेमी से आत्महत्या करने की बात कहीं। किशोरी के मिलने पर दुकानदार को छोड़ दिया गया था। अभी तक किसी की तरफ से तहरीर नहीं दी गई है।