गढ़मुक्तेश्वर। पहाड़ों की बारिश और बिजनौर बैराज से छोड़े जा रहे अतिरिक्त जल के कारण बृहस्पतिवार की देर रात तक ब्रजघाट में गंगा का जलस्तर 199.09 मीटर (समुद्र तल से) तक पहुंच गया था। लेकिन शुक्रवार को इसमें 21 सेंटीमीटर की गिरावट दर्ज की गई। जलस्तर कम होने के बावजूद भी खादर क्षेत्र के ग्रामीणों की दुश्वारियां कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। क्योंकि गांवों के रास्तों व आबादी के पास अभी भी पानी भरा हुआ है। जलभराव के बीच से होकर ही ग्रामीणों को निकलना पड़ रहा है। वहीं एसडीएम ने बाढ़ संभावित गांवों का निरीक्षण किया।
बाढ़ नियंत्रण कक्ष मेरठ के अनुसार शुक्रवार को गढ़ क्षेत्र में गंगा का जलस्तर सुबह 10 बजे 198.95 मीटर और शाम चार बजे 198.88 मीटर के निशान पर दर्ज किया गया। शुक्रवार को जलस्तर में काफी गिरावट आई है। लेकिन अभी तक भी जलस्तर यलो अलर्ट से काफी ऊपर है। वहीं शुक्रवार की शाम बिजनौर बैराज से 1.42 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। जो शनिवार को क्षेत्र में पहुंचेगा।
जलभराव के बीच स्कूल गए बच्चे
खादर क्षेत्र के लठीरा, भगवंतपुर, इनायतपुर, नयागांव समेत अन्य गांवों के बच्चे गढ़ समेत आसपास के क्षेत्र के स्कूलों में पढ़ने के लिए आते हैं। गांवों के आसपास और मेला मार्ग पर पानी भरने के कारण छात्रों को स्कूल-कॉलेज पहुंचने के लिए ट्रैक्टर-ट्राली और भैंसा बुग्गी का सहारा लेना पड़ा। वहीं कुदैनी की मढ़ैया और काकाठेर की मढ़ैया के परिषदीय स्कूल दूसरे दिन भी बंद रहे।
बांगर क्षेत्र से लाना पड़ा चारा
खादर क्षेत्र के जंगलों और खेतों में जलभराव के कारण ग्रामीणों के सामने सबसे बड़ी समस्या पशुओं को चारा उपलब्ध कराने की है। शुक्रवार को ग्रामीण भैंसा-बुग्गियां लेकर गढ़ बांगर समेत आसपास के क्षेत्र के जंगलों में गए। जिन्होंने दिन भर की मशक्कत के बाद पशुओं के लिए चारा एकत्र किया।
दो गांवों में पहुंचा मोबाइल शौचालय
अधिक पानी होने के कारण खुले में शौच से बचाव के लिए प्रशासन ने गांव नयाबांस और काकाठेर की मढ़ैया में ग्रामीणों के लिए मोबाइल शौचालय की व्यवस्था कराई है। जिससे खुले में कोई शौच न जाए।
छह गांवों में गोताखोरों के साथ पहुंचाईं नाव
एसडीएम ने बताया कि गांव कुदैनी की मढ़ैया, चक लठीरा, काकाठेर की मढ़ैया, नयाबांस, लठीरा, गंगानगर में नावों की व्यवस्था करा दी गई है। सभी पर गोताखोरों की टीम तैनात है। लगातार ग्राम प्रधानों और गोताखोरों से संपर्क किया जा रहा है।
नवोदय विद्यालय के पास पहुंचा पानी
मेला रोड पर पानी अधिक होने के कारण जवाहर नवोदय विद्यालय तक पानी पहुंच गया है। पानी बढ़ने से आसपास में कीट समेत बीमारी फैलने का खतरा मंडरा रहा है। वहीं विद्यालय के आसपास में बदबू फैल रही है।
स्वास्थ्य शिविर नहीं लगाए
गांवों में आबादी के पास पानी पहुंचने के कारण बीमारी फैलने का खतरा मंडरा रहा है। लेकिन स्वास्थ्य विभाग द्वारा अभी तक गंगा नगर को छोड़कर किसी भी गांव में कैंप नहीं लगाया गया है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. दिनेश भारती ने बताया कि क्लोरिन की दवा वितरण की जा रही है, आवश्यकता अनुसार स्वास्थ्य शिविर भी लगाए जाएंगे।
आज वितरण होगी खाद्य सामग्री
बाढ़ आपदा प्रबंधन द्वारा बाढ़ संभावित गांव कुदैनी की मढ़ैया, गड़ावली, नयाबांस, काकाठेर की मढ़ैया में शनिवार को राशन किट वितरण की जाएगी। जिसमें तेल, दाल, मसाले, चीनी, नमक, आलू, चावल समेत अन्य खाद्य सामग्री होगी। वहीं महिलाओं के लिए डिग्निटी किट, जिसमें सेनेटरी पेड, साबुन, टूथब्रश समेत अन्य निजी वस्तुएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
कोट -
खादर क्षेत्र के बाढ़ संभावित गांवों का निरीक्षण कर ग्रामीणों से वार्ता की गई है। जलस्तर कम होना शुरू हो गया है। जिससे बाढ़ का खतरा टल रहा है। लेकिन ग्रामीणों की समस्याओं को देखते हुए प्रशासनिक स्तर से हर संभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी। - अंकित कुमार वर्मा, एसडीएम