गढ़मुक्तेश्वर। पहाड़ों और मैदानी क्षेत्रों में तेज बारिश का असर एक बार फिर खादर के क्षेत्रों में दिखने लगा है। 24 घंटे में गंगा के जलस्तर में 12 सेंटीमीटर की बढ़ोतरी हुई है। वहीं बुधवार की सुबह से हो रही तेज बारिश ने भी खादर के ग्रामीणों की मुश्किल बढ़ा दी है।
बाढ़ नियंत्रण कक्ष मेरठ के अनुसार पिछले दिन तीनों से बिजनौर बैराज से अतिरिक्त पानी छोड़े जाने में कमी आई थी, जिसके चलते गढ़-ब्रजघाट में गंगा का जलस्तर लगातार नीचे जा रहा था। मंगलवार की शाम ब्रजघाट गंगा का जलस्तर 198.45 मीटर (समुद्र तल से) था, लेकिन बिजनौर बैराज से छोड़े गए पानी और पहाड़ी क्षेत्रों की बारिश के असर से बुधवार की शाम छह बजे 198.57 मीटर दर्ज किया गया। जलस्तर बढऩे से एक बार फिर ग्रामीणों की दहशत बढ़ने लगी है। अभी तक भी कुदैनी की मढ़ैया, गडावली समेत कई गांवों में आबादी के निकट पानी कम नहीं हुआ है। एसडीएम अंकित कुमार वर्मा का कहना है कि अभी भी जलस्तर यलो अलर्ट से काफी दूर है, बारिश से जलस्तर में उतार-चढाव जारी है। जलस्तर पर नजर रखी जा रही है। गांवों में राशन भेजा गया है। वहीं स्वास्थ्य विभाग को भी गांवों में शिविर लगाने का निर्देश दिया गया है।