पिलखुवा। फल विक्रेता की पिटाई कर उसकी जेब 20 हजार रुपये छीनने के आरोप में पीड़ित ने थाने में दो को नामजद करते छह के खिलाफ तहरीर दी है।
थानांतर्गत क्षेत्र के गांव आजमपुर दहपा निवासी उस्मान गाजियाबाद के लाल कुआं पर फल खरीदने और बेचने का काम करता है। उस्मान ने बताया सोमवार की रात दुकान बंद कर वह गांव आ रहा था। आरोप है कि दहपा पुलिया के पास पहले से घात लगाए बैठे छह हमलावरों ने उसकी पिटाई की और जेब में रखे 20 हजार की नकदी छीन ली। आरोप है कि शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने गांव निवासी दो युवकों को नामजद करते हुए छह के खिलाफ थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। सीओ पिलखुवा जितेंद्र कुमार शर्मा का कहना है कि पीड़ित का चचेरे भाइयों से मकान का विवाद चल रहा है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच कर रही है, साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।