धौलाना। आठ दिन पूर्व देहरा रजवाहा में मिले अज्ञात शव की पुलिस ने शिनाख्त करते हुए हत्या का खुलासा किया है। युवक की हत्या उसके दो दोस्तों ने शराब पिलाने से इन्कार करने पर की थी। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
28 अप्रैल को देहरा रजवाहे में मिले शव की शिनाख्त पुलिस ने देवेंद्र (37) निवासी गालंद के रुप में की थी। पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ की तो मामला खुल गया। थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष प्रताप सिंह ने बताया कि गालंद गांव निवासी देवेंद्र अपने दोस्त नरेश पुत्र संजू व राहुल पुत्र सुरेंद्र के साथ अक्सर शराब पीता था। नरेश ने पूछताछ के दौरान पुलिस को बताया की देवेंद्र शराब के पैसे देने में आनाकानी करता था। 28 अप्रैल को राहुल व देवेंद्र के साथ शराब पीने के उद्देश्य से वह इंतजार करता रहा। लेकिन वह उस दिन नहीं आया। इससे गुस्साए आरोपियों ने उसे रात करीब 10 बजे अपने साथ शराब पिलाने के लिए जंगल में ले बुलाया। वहां पहुंचे देवेंद्र से आरोपियों ने शराब के पैसे मांगे तो उसने रुपये देने से इंकार कर दिया।
आरोपियों ने बताया कि इससे गुस्सा होकर उन्होंने देवेंद्र को सरकारी नल पर धक्का दे दिया। वह मुंह के बल गिर पड़ा। जिससे वह अधमरा हो गया। मारपीट के दौरान राज खुलने से उन्होंने उसकी पसलियों पर प्रहार करके उसे मौत के घाट उतार दिया। शव को छुपाने के उद्देश्य से देहरा रजवाहे में फेंक दिया था। मृतक की शिनाख्त के बाद मृतक के भाई रामबीर ने चार मई को थाना धौलाना में मामला दर्ज कराया था।