हापुड़/धौलाना। तहसील क्षेत्र मे फर्जी दस्तावेज के जरिए करीब 150 करोड़ की सरकारी जमीन बेचने वाले मास्टर माइंड बैनामा लेखक के अकड़ौली में एक प्लॉट को पुलिस ने कुर्क कर लिया। आरोपी के प्लॉट की कीमत करीब एक करोड़ बताई जा रही है।
धौलाना तहसील क्षेत्र में फर्जी दस्तावेज के जरिए वर्ष 1988 से घपला शुरू हुआ था। धौलाना में अलग-अलग जगह 2.478 हेक्टेयर सरकारी जमीन थी। शातिरों ने तहसील प्रशासन से सांठगांठ कर इसकी आमद दरामद भी करा ली। उच्चाधिकारियों को भनक तक नहीं लगी और तत्कालीन तहसील के जिम्मेदार अधिकारियों ने भू-माफिया के साथ मिलकर सरकार की जमीन को कोड़ियों के भाव बिकवा दिया। हापुड़ की विभिन्न तहसील के खरीदारों के साथ ही दिल्ली की पार्टियों ने भी यहां जमीन की खरीद की। इस समय जमीन की कीमत करीब 150 करोड़ रुपये बताई जा रही है। मास्टर माइंड बैनामा लेखक व अधिवक्ता सुनील कुमार पुत्र साधूराम निवासी अकड़ौली ने ही अधिकारियों के साथ मिलकर पूरा खेल कराया। इस भूमि की फर्जी पत्रावली तैयार कर कई लोगों द्वारा चार बार बेचा गया था। इस संबंध में तहसीलदार धौलाना ने 12 लोगों के खिलाफ थाना धौलाना में मुकदमा दर्ज कराया था। एसपी अभिषेक वर्मा ने बताया कि आरोपी के अकड़ौली में स्थित एक प्लॉट को जिला मजिस्ट्रेट के आदेश के बाद गैंगस्टर एक्ट की धारा के तहत कुर्क किया गया है। इस दौरान धौलाना सीओ वरुण मिश्रा, थाना प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र बिष्ट व प्रशासनिक अधिकारियों ने कार्रवाई करते हुए उक्त संपत्ति के प्रबंधन के लिए एसडीएम धौलाना को रिसीवर नियुक्त किया है।