पिलखुवा। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला शुक्लान निवासी व्यक्ति ने थाने में आठ लाख रुपये की ठगी का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। मनीष कुमार गोयल ने बताया कि शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे उनके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को किसी संस्था से बताते हुए कहा कि आपने पांच लाख रुपये का चेक दिया है। उसने साफ इन्कार कर दिया और कहा कि उन्होंने ऐसा कोई चेक नहीं दिया है। करीब दस मिनट बाद दोबारा उसी नंबर से कॉल आई और इस बार कहा गया कि आपने तीन लाख रुपये का ओर चेक दिया है। मनीष ने फिर मना किया और कॉल काट दी। शनिवार सुबह जब उन्होंने अपना खाता चेक किया तो आठ लाख रुपये की निकासी हो चुकी थी। उन्होंने तत्काल बैंक से संपर्क किया। बैंक अधिकारियों ने इसे साइबर ठगी बताते हुए उन्हें हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी। सीओ अनीता चौहान ने बताया कि साइबर सेल के माध्यम से मामले की जांच कराई जा रही है।