सिंभावली। ऑनलाइन कमाई का लालच देकर साइबर ठगों ने गांव टोडरपुर निवासी शादाब राना के बैंक खाते से 89 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने बताया कि 18 दिसंबर को वह गांव में ही स्थित सैलून पर बाल कटवाने गया था। उसी दौरान वहां पहुंचे युवक ने उससे ऑनलाइन एप के माध्यम से काम कर अच्छा मुनाफा कमाने की बात कही। भरोसे में लेकर आरोपी ने उसका मोबाइल लिया और उसमें टाइड नाम की एप्लीकेशन इंस्टॉल कर दी। एप्लीकेशन के वेरिफिकेशन के नाम पर आरोपी ने उसका आधार कार्ड, पैन कार्ड नंबर, ई-मेल आईडी और ओटीपी हासिल कर लिया। इसके बाद 20 दिसंबर को शाम के समय इसी एप के माध्यम से उसके बैंक खाते से अलग-अलग तीन ट्रांजेक्शन में कुल 89 हजार रुपये निकाल लिए गए। पहली बार 50 हजार, दूसरी बार 30 हजार और तीसरी बार नौ हजार रुपये कट गए। जब उसे खाते से रुपये कटने की जानकारी हुई, तो उसने आरोपी से संपर्क किया, लेकिन आरोपी ने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया और टालमटोल करता रहा। पीड़ित का कहना है कि 22 दिसंबर को उसने थाने में पूरे मामले की लिखित शिकायत दी थी, लेकिन एक माह से अधिक समय बीतने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अब पीड़ित ने मेरठ में संबंधित अधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर थाने को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के आदेश देने की मांग की है। सीओ स्तुति सिंह का कहना है मामले की जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।