सिंभावली। सैफी कॉलोनी निवासी रिहाना ने एक युवक पर विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 1.70 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाया है।
पीडि़ता ने बताया कि उसका बेटा रिहान काफी समय से बेरोजगार है। जिसका फायदा उठाकर गांव मुरादपुर निवासी युवक उसके पास आया। जिसने रिहान को सऊदी अरब में नौकरी दिलाने की बात कही। आरोपी ने गाड़ी चालक का काम और 1700 रियाल वेतन दिलाने का झांसा दिया। जिसने इसके लिए एक लाख 70 हजार रुपये का खर्च बताया। बेेटे की नौकरी के लालच में उसने अपना घर गिरवी रखकर आरोपी को पैसे दे दिए। जिसके बाद आरोपी युवक ने उसके बेटे को सऊदी अरब भेज दिया। लेकिन वहां पहुंचकर पता चला कि उसके बेटे से घरेलू सहायक और सफाईकर्मी के रूप में काम कराया जा रहा है। वहीं उसे दो माह से कोई वेतन नहीं दिया गया है। जिसके चलते वह सऊदी अरब में काफी परेशान है। इस बारे में जब उसने आरोपी से पूछा, तो युवक ने धमकी देते हुए अभद्रता की। सीओ आशुतोष शिवम ने बताया कि यदि थाने में तहरीर दी गई है, तो जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।