हापुड़। क्षेत्र के गांव असौड़ा में रकम दोगुनी करने के नाम पर एक व्यक्ति पर गांव के लोगों से एक करोड़ रुपये ठगने का आरोप लगा है। सोमवार को ग्रामीणों ने थाना देहात में शिकायत की। ग्रामीणों ने बताया कि गांव असौड़ा के मोहल्ला पीरवाला निवासी व्यक्ति ने करीब 150 लोगों को रकम दोगुनी करने का लालच देकर एक करोड़ की धनराशि हड़प ली है। आरोपी ने डॉ. आंबेडकर आर्थिक विकास समिति के नाम पर रुपये दोगुने करने का झांसा दिया। पहले तो आरोपी रुपये जल्दी देने का आश्वासन देता रहा, लेकिन दो दिन पहले वह किसी को बिना बताए गांव छोड़कर भाग गया। शिकायत करने वालों ने बॉबी कुमार, प्रशांत, मोनू, डॉ. यूसुफ, अशोक, रोहित त्यागी, बबलू, कपिल, अमित, सूरजपाल, ब्रजमोहन व अन्य लोग शामिल थे। सीओ जितेंद्र कुमार शर्मा का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।