हापुड़।। दिल्ली रोड पर मोहल्ला चमरी के पास मंगलवार सुबह गलत दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दंपती व परिवार को टक्कर मारी। इसमें असलम, उनकी पत्नी मुर्सरत, सात वर्षीय पुत्र साद और पांच वर्षीय पुत्री अनाबिया घायल हुए। कार चालक फरार हो गया। राहगीरों ने घायलों को पिलखुवा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार चल रहा है। नईम ने बताया कि उनके बड़े भाई असलम परिवार के साथ शाहजहांपुर किठौर में एक रिश्तेदार की मौत में शामिल होने जा रहे थे। हादसे में बाइक क्षतिग्रस्त हो गई और सड़क पर यातायात भी बाधित हुआ। क्षेत्राधिकारी अनीता चौहान ने बताया कि पुलिस को अस्पताल से हादसे की जानकारी मिली। अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज होगी।