गढ़मुक्तेश्वर। एसडीएम साक्षी शर्मा ने बताया कि उत्तर रेलवे के सीनियर सेक्शन पाथ वे गजरौला द्वारा प्रशासन और पुलिस को पत्र भेजा गया है। जिसमें उल्लेख किया गया है कि गढ़ से जनपद अमरोहा के गजरौला क्षेत्र के गांव काकाठेर के बीच रेलवे लाइन पर मरम्मत कार्य कराया जा रहा है। जिसके तहत रेलवे फाटक संख्या 51 सी (स्याना-मेरठ रोड फाटक) पर लाइन में ओवरहालिंग का काम मशीनों द्वारा कराया जाएगा। मरम्मत कार्य के दौरान आवागमन करने वाले लोगों के साथ परेशानी हो सकती है। जिसके मद्देनजर सोमवार सुबह आठ बजे से 31 जनवरी शाम आठ बजे तक फाटक आवागमन के लिए पूरी तरह बंद रखा जाएगा। एसडीएम ने बताया कि कोतवाली पुलिस को इस दौरान यातायात नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। रेलवे फाटक बंद होने के दौरान यातायात को पुरानी दिल्ली रोड स्थित आरओबी के अलावा मीरा रेती-अल्लाबख्शपुर मार्ग होते हुए आवागमन कराया जाएगा।