पिलखुवा। कोतवाली क्षेत्र के गांव निजामपुर स्थित शिवा ढाबा के पास हाईवे पर जा रहे कैंटर के केबिन में अचानक आग लग गई। किसी तरह चालक ने कैंटर से कूदकर अपनी जान बचाई। इस दौरान हाईवे के एक तरफ वाहनों का लंबा जाम लग गया। जिला गौतमबुद्धनगर के गांव डेवटा निवासी चालक सुनील शनिवार की देर शाम मेरठ में शीतल पेय उतारकर अपने घर लौट रहा था। थाना पिलखुवा क्षेत्र के हाईवे 9 स्थित गांव निजामपुर स्थित शिवा ढाबा के पास पहुंचने पर कैंंटर के केबिन में अचानक आग लग गई। सुनील ने किसी तरह कैंटर से कूदकर अपनी जान बचाई। सीओ अनीता चौहान ने बताया कि दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चला है।