गढ़मुक्तेश्वर। सैलून पर बाल कटवाने आए युवक पर फायरिंग के मामले में कोतवाली पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
जनपद मेरठ के थाना किठौर क्षेत्र के गांव भडौली निवासी शिवम ने कोतवाली में दी गई तहरीर में उल्लेख किया है कि वह बुधवार की शाम कोतवाली क्षेत्र के गांव नानपुर में स्थित सैलून पर बाल कटवाने के लिए गया था। इसी दौरान भडौली निवासी वीनीत, रोबिन और राहुल बाइक से वहां पहुंचे। पीड़ित ने बताया कि तीनों के हाथ में पिस्टल थे। आरोपियों ने रंजिशन गाली-गलौज करते हुए उस पर पिस्टल से करीब आठ राउंड फायर किए। लेकिन, किसी तरह वह बच गया। फायरिंग के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर वहां से भाग निकले। सीओ स्तुति सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर तीनों युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच करते हुए आरोपियों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। जिन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।