धौलाना। तहसील परिसर में चैंबर को लेकर हुए विवाद के दौरान अधिवक्ताओं में मारपीट हो गई। विवाद बढ़ने पर बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने चैंबर पर ताला लगवा दिया। आगामी निर्णय तक दोनों अधिवक्ता चैंबर से दूर रहेंगे।
बार एसोसिएशन धौलाना के अध्यक्ष अनिल शर्मा ने बताया कि तहसील परिसर में अधिवक्ताओं के लिए जब चैंबर्स दिए गए थे, तब चैंबर नंबर 30 में गजेंद्र तोमर व रनदीप राघव के नाम से आवंटन किया गया। दोनों अधिवक्ता आवंटन से अब तक चैंबर्स पर विधिक कार्य कर रहे थे। लेकिन किसी बात को लेकर दोनों के बीच इतना मनमुटाव बढ़ा कि चैंबर्स के बीच दीवार लगा दी गई। सोमवार को अधिवक्ता रणदीप राघव और गजेंद्र तोमर के बीच विवाद इस कदर बढ़ा कि दोनों में मारपीट हो गई।
अधिवक्ताओं के बीच हुई मारपीट की सूचना पर बार एसोसिएशन के पदाधिकारी व सदस्य मौके पर पहुंचे और दोनों अधिवक्ताओं को समझाया लेकिन हालात बेकाबू होने पर चैंबर को अपने कब्जे में लेकर ताला लगा दिया। उन्होंने बताया कि इस संबंध में अब बार एसोसिएशन निर्णय करेगी।