हापुड़। भाकियू जनमंच के आह्वान पर कार्यकर्ताओं ने गन्ना भुगतान व अन्य समस्याओं के निस्तारण को लेकर कलक्ट्रेट में ज्ञापन सौंपा। चार सूत्रीय मांगों का निस्तारण नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
संगठन के जिलाध्यक्ष जयवीर सिंह गुर्जर ने कहा कि जिले के दोनों चीनी मिलों पर किसानों का करोड़ों रुपये बकाया चल रहा है। लेकिन जिला प्रशासन इस पर गंभीर नहीं है, किसानों को अपने बच्चों की शादियां व फीस भरने के लिए इधर उधर से कर्ज लेना पड़ रहा है।
गांवों में निराश्रित पशुओं का आतंक काफी बढ़ गया है, कई बार शिकायत के बावजूद समस्याओं का निस्तारण नहीं हो सका है। दत्तियाना गांव में गरीबों को कृषि पट्टे आवंटित हुए थे, लेकिन 27 वर्ष बीतने के बाद भी भूमिधर नहीं हो सके हैं। एनएच-२४ पर सिंभावली से हापुड़ मार्ग पर जो डिवाइडर हैं, उन पर पेड़ पौधे कम होने के कारण दूसरी ओर से आने वाले वाहनों की सीधी लाइट पड़ती है। इन समस्याओं के निस्तारण को लेकर कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर सचिन हूण, पिंटू, अनुज शर्मा, कृष्णपाल, मोहित पाल, अरूण गुर्जर, यशवीर सैनी मौजूद रहे।