संवाद न्यूज एजेंसी
पिलखुवा। रिलायंसस पॉवर प्रोजेक्ट मामले में अभी किसानों को राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। किसानों का प्रतिनिधिमंडल 16 अगस्त को डीएम से मिलकर अपनी समस्याएं रखेगा। प्रतिनिधिमंडल महाराणा प्रताप संग्राम सिंह किसान कल्याण समिति के बैनर तले डीएम से मिलेगा।
समिति के महासचिव युधिष्ठर सिंह सिसोदिया ने बताया कि साल 2004 में सात गांवों के हजारों किसानों की 2500 एकड़ जमीन का रिलायंस पावर प्रोजेक्ट के लिए अधिग्रहण किया गया था, जिसका किसानों ने विरोध किया। 2006 में पुलिस और किसाने आमने-सामने आ गए, घटना के बाद हजारों किसानों पर धौलाना, पिलखुवा, हाफिजपुर और मसूरी में मुकदमा दर्ज किये गए। 2009 में इलाहाबाद उच्च न्यायालय और 2014 में सर्वोच्च न्यायालय ने अधिग्रहण को रद कर, जमीन किसानों को वापस करने के निर्देश दिए। इसके बावजूद अभी तक न तो किसानों के नाम भूमि में अंकित हुए और ना ही मुकदमा वापस। कई बार किसान जनप्रतिनिधियों से गुहार लगा चुके है। मामला सीएम तक भी पहुंच चुका है।
समिति के महासचिव ने बताया कि इसी के चलते किसानों का एक प्रतिनिधिमंडल आगामी 16 अगस्त को डीएम प्रेरणा शर्मा से मिलकर अपनी समस्याएं रखेगे।