हापुड़। नलकूपों पर मीटर लगाने के विरोध में भड़के किसानों ने सोमवार को काकोड़ी बिजलीघर बंद कर करीब तीन घंटे तक हंगामा किया। अधिकारियों पर शोषण का आरोप लगाया। मौके पर पहुंचे अधीक्षण अभियंता और अधिशासी अभियंता ने किसी तरह किसानों को समझाया। भविष्य में मीटर लगाए जाने पर किसानों ने आंदोलन की चेतावनी दी है।
रालोद के जिलाध्यक्ष रविंद्र प्रधान ने कहा कि नलकूपों पर लगे ट्रांसफार्मर फुंकने पर उन्हें कई दिन तक ठीक नहीं कराया जाता। किसान जब आग्रह करते हैं तो पहले उनसे मीटर लगवाने की बात कही जाती है। जबकि किसान पहले से ही मीटर लगाए जाने का विरोध करते रहे हैं। सोमवार को भी ऊर्जा निगम की ओर से नलकूपों पर मीटर लगाने का प्रयास किया गया। इसके विरोध में काकोड़ी, लुखराड़ा, भड़ंगपुर, भिम्ब्यारी, भटैल, नूरपुर, भीकनपुर, जैदपुर के लोगों ने काकोड़ी बिजलीघर का घेराव किया। जेई के नहीं आने से गुस्साए किसानों ने बिजलीघर की सप्लाई बंद करा दी। सूचना पर भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। लेकिन किसान अधिकारियों को धरने में बुलाने की मांग पर अड़ गए। अधीक्षण अभियंता यूके सिंह, एक्सईएन गढ़, एसडीओ प्रभव हरित किसानों के बीच पहुंचे। अधिकारियों ने किसानों को राहत का आश्वासन दिया। इस पर बिजलीघर को चालू किया जा सका। किसानों ने भविष्य में परेशान करने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। इस मौके पर बिजेंद्र सिंह, मंगल सैन, रामपाल सिंह, जगवीर सिंह, बब्ल सिंह, दिनेश, हरेंद्र, पप्पू, संदीप, सतीश, सुक्के, गरीब दास, युसूफ, नफीस, ओमपाल, धर्मवीर, रामपाल सिंह, संतु सिंह, बोबी, अमरपाल सिंह आदि मौजूद रहे।