धौलाना। तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंचे अपर आयुक्त किसानों की समस्याएं सुने बिना निकल गए। जिससे नाराज किसानों ने हंगामा करते हुए तहसील गेट पर जाम लगा दिया। करीब एक घंटे तक तहसील के गेट पर हंगामा होता रहा, इस दौरान आवागमन बाधित रहा। किसानों के बीच पहुंचे एसडीएम ने अपर आयुक्त के जल्दी जाने के संबंध में किसान नेताओं को जानकारी दी, जिसके बाद किसान शांत हुए।
किसान मजदूर संगठन के प्रदेश महासचिव ब्रहम सिंह राणा के नेतृत्व में किसान शनिवार को समाधान दिवस में पहुंचे। इस दौरान मेरठ मंडल अपर आयुक्त हिमांशु गौतम तहसील सभागार में समस्याएं सुन रहे थे। किसान मजदूर संगठन ने पिछले आठ जून से 13 जून तक अनिश्चितकालीन धरने के दौरान दिए गए आश्वासन पूरा न होने पर अपर आयुक्त से मुलाकात की मांग की। लेकिन अपर मंडल आयुक्त हिमांशु गौतम समाधान दिवस के बाद सीधे कार में सवार होकर निकल गए। जानकारी मिलते ही किसान भी आक्रोशित होकर तहसील के गेट पर पहुंच गए और जाम लगा दिया। जाम के दौरान पुलिस प्रशासन के अधिकारी किसानों को मनाने में जुटे रहे। एसडीएम संतोष उपाध्याय ने बताया कि अपर मंडलायुक्त किसी आवश्यक कार्य से संपूर्ण समाधान दिवस को बीच में ही छोड़कर चले गए। एसडीएम ने किसान नेता परम सिंह राणा, रामअवतार सिसोदिया, जसवीर सिंह और प्रेमपाल सिंह तोमर के साथ वार्ता कर समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। एसडीएम के समझाने पर आक्रोशित किसान शांत हुए।
इस दौरान मोहम्मद हाशिम, मोहम्मद कलीम, राजकुमार सिंह, नैंसी, अजय, रवि, बृजभान सिंह, रविंद्र सिंह, नौशाद अली, मोहम्मद शमी, अजय कुमार, आबिद, अरविंद, इरफान राणा, असलम अली, दीपक तोमर मौजूद रहे।