लोनी। कोतवाली क्षेत्र के कंचन पार्क कॉलोनी में रविवार दोपहर करीब ढाई बजे घर के बाहर इमामदस्ता में गंधक पोटाश कूटने के दौरान धमाके में दो किशोर घायल हो गए। परिजनों ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां उनकी हालत गंभीर है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
कंचन पार्क कॉलोनी में सलीम परिवार के साथ रहते हैं। वह राज मिस्त्री हैं। उनका बेटा रहीम (16) रविवार दोपहर करीब ढाई बजे अपने घर के बाहर इमामदस्ता में गंधक और पोटाश कूटने की तैयारी कर रहा था। पड़ोस में रहने वाले साजिद का बेटा अयान (14) रहीम के पास खड़ा था। जैसे ही गंधक पोटाश को कूटा तभी तेज धमाका हो गया। धमाका इतना तेज था कि करीब 200 मीटर दूर तक धमाके की आवाज लोगों को सुनाई दी। धमाका होने के बाद दोनों किशोर गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर गए। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग और परिजन पहुंच गए। आनन फानन में परिजनों ने दोनों घायलों को दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया।
आसपास के लोगों ने बताया कि रविवार रात शब ए बारात की तैयारी को लेकर गंधक और पोटाश को कूटकर तैयार किया जा रहा था। बच्चों को पता नहीं था कि धमाका हो जाएगा। कॉलोनी के एक व्यक्ति ने कस्बा पुलिस चौकी में जाकर इसकी सूचना दी। सूचना पाकर स्थानीय पुलिस और एसीपी सूर्यबली मौर्या मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक घायल मौके से जा चुके थे। एसीपी ने बताया कि वहां लगे सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर को कब्जे में ले लिया है। घायलों का इलाज चल रहा है।
रहीम के हाथ और अयान के चेहरे पर ज्यादा चोट आई
आसपास के लोगों ने बताया कि रहीम अपने घर के बाहर गंधक पोटाश को कूट रहा था। धमाका इतना तेज था कि रहीम के हाथ की अंगुलियां क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं, अयान के चेहरे, गर्दन और सिर में ज्यादा चोट हैं। दोनों खून में लथपथ हो गए थे।