धौलाना। बुधवार देर रात चेकिंग के दौरान पुलिस की गोतस्करों से मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। क्षेत्राधिकारी पिलखुवा अनीता चौहान ने बताया गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हसीब उर्फ चूजा पुत्र इकरार निवासी ग्राम मनौटा, थाना असमोली, जनपद संभल और मेराजुद्दीन निवासी मोहल्ला टंकी जोया, थाना डिडौली, जनपद अमरोहा के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके से दो अवैध तमंचे, खोखा व जिंदा कारतूस, एक स्विफ्ट कार, और गोकशी में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए हैं। सीओ ने बताया कि विगत सात जुलाई को थाना क्षेत्र में गोवंश के अवशेष मिले थे, दोनों शातिर बदमाश है प्रारंभिक पूछताछ में यह सामने आया है कि दोनों आरोपी अमरोहा, संभल, बुलंदशहर, अलीगढ़ और सहारनपुर जैसे जिलों में गोकशी व पशु तस्करी के मामलों में लिप्त रहे हैं। इनके खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट तथा आर्म्स एक्ट सहित दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।