हापुड़। मेरठ रोड स्थित दादरी गांव में खूंखार कुत्ते ने 18 लोगों को बुरी तरह काटा, तीन साल की बच्ची की गर्दन मुहं में दबाकर भागने लगा। बचाने आए लोगों को भी काटकर घायल कर दिया। गुस्साए ग्रामीणों ने कुत्ते को मौत के घाट उतार दिया। कई मवेशियों को भी कुत्ते ने काटा, जिसमें एक की मौत भी हो गई।
दादरी निवासी गुलफाम की तीन वर्षीय बेटी अलिशबा घर के बाहर खेल रही थी। इसी बीच एक कुत्ता उस पर झपट पड़ा और गर्दन को मुंह में दबा लिया। बच्ची बेहोश हो गई। उसे बचाने आए गुलफाम के भाई की भी अंगुलियां कुत्ते ने जख्मी कर दीं। इसके बाद रास्ते में जो भी दिखा कुत्ते ने उस पर हमला किया। शबाना का पैर घुटने से टकने तक बुरी तरह फाड़ दिया। इसके अलावा निजामुद्दीन, राशिद, समीम, भूषण, अनुराग, देवेंद्र, अंकित, मोहित समेत 18 से अधिक लोगों को कुत्ते ने काटा। कई मवेशियों पर भी हमला कर दिया। ग्रामीणों ने बताया कि एक मवेशी का बच्चा मर भी गया। गुस्साए ग्रामीणों ने घेराबंदी कर कुत्ते को पीटकर मौत के घाट उतार दिया।
वहीं, बच्ची को गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाया गया, इसमें पता चला कि बच्ची की सांस की नली तक जख्म हुए हैं। लेकिन अस्पताल में इंजेक्शन नहीं होने पर मेरठ रेफर किया गया। वहां भी इंजेक्शन नहीं मिला, बुधवार को परिजन प्राइवेट स्टोर से इंजेक्शन लेकर आए, जो बच्ची को लगाया गया। गांव से अन्य लोग भी बड़ी संख्या में एंटी रेबीज की वैक्सीन लगवाने पहुंचे।
हाल ही में कुत्ता, बंदर काटने के मामले-
* 15 अप्रैल को धौलाना में पांच लोगों को काटा।
* 22 नवंबर को कलक्टर गंज में 14 लोगों को कुत्तों ने काटा।
* 10 सितंबर को भगवानपुरी में कुत्ते ने 12 छात्राओं को काटा।
* 13 जून को हापुड़ में मासूम को कुत्तों ने नौचा।
पांच दिन में 2232 ने लगवाए टीके
तिथि लगे रैबीज के इंजेक्शन
15 मई 562
14 मई 433
13 मई 651
11 मई 387
10 मई 199
कोट -
कुत्ता, बंदर काटने वाले लोगों की संख्या बढ़ रही है। रैबीज का इंजेक्शन लगवाने वालों की संख्या में करीब डेढ़ गुने का इजाफा हुआ है। अस्पतालों में पर्याप्त वैक्सीन उपलब्ध है।डॉ.सुनील त्यागी, सीएमओ।