हापुड़। गढ़ रोड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज कराने आई एक महिला मरीज को चिकित्सक ने कक्ष के बाहर निकाल दिया और थप्पड़ मारने की धमकी दी। इस पर बिफरी महिला अस्पताल परिसर में ही चिल्लाने लगी, लेकिन अधिकारियों ने उसकी फरियाद नहीं सुनी, परेशान महिला ने पर्चा भी फाड़ कर फेंक दिया। इस मामले में विधायक से शिकायत करने की चेतावनी दी, स्टाफ ने महिला को किसी तरह समझाया।
अस्पताल पहुंची परमेश्वरी ने बताया कि वह दर्द से परेशान है, शुक्रवार को एक घंटे तक लाइन में खड़ा होकर पर्चा बनवाया। इसके बाद ओपीडी में भी लाइन में लगी रही, एक महिला उनके बाद आई थी, लेकिन पहले उपचार लेने लगी। इसका विरोध करने पर चिकित्सक आग बबूला हो गया। पीड़िता ने बताया कि चिकित्सक ने उसे थप्पड़ मारने की धमकी दी।
इससे नाराज महिला रोते हुए बाहर आ गई, अभद्रता से परेशान होकर उसने पर्ची भी फाड़ दिया। काफी देर तक महिला और उसके परिजन अस्पताल परिसर में हंगामा करते रहे। लेकिन किसी अधिकारी ने सुनवाई नहीं की, जिस पर पीड़िता ने विधायक के घर जाने की धमकी दी। चिकित्सक के कक्ष में मौजूद एक व्यक्ति ने महिला को समझाने का प्रयास किया, लेकिन महिला कार्रवाई की मांग करने लगी। बाद में स्टाफ के कहने पर महिला शांत हुई। मरीजों ने बताया कि आए दिन चिकित्सक इसी तरह व्यवहार करते हैं।
-चिकित्सकों की सीट पर प्रशिक्षु करते हैं काम
अस्पताल में चिकित्सकों की सीट पर प्रशिक्षु इलाज देते आसानी से दिख जाएंगे। उन्हें यह तक पता नहीं होता जांच किस कमरे में होती हैं और अल्ट्रासाउंड का कक्ष नंबर क्या है। मरीजों को गलत कमरा नंबर बता दिया जाता है, जिसके बाद उन्हें चक्कर लगाने पड़ते हैं।
-मरीज लिखित में करे शिकायत, होगी कार्रवाई-
मोबाइल पर उन्हें इस घटना की सूचना मिली थी। मरीजों के साथ इस तरह का व्यवहार गलत है। लिखित में शिकायत देने पर उचित कार्रवाई की जाएगी। - डॉ. दिनेश खत्री, सीएचसी अधीक्षक।