संवाद न्यूज एजेंसी
हापुड़। जिला मुख्यालय सभागार में शुक्रवार को पौधारोपण अभियान को सफल बनाने के लिए बैठक का आयोजन किया गया। इसमें डीएम ने संबंधित अधिकारियों को लक्ष्य के सापेक्ष स्थल का चिंहीकरण व पौधारोपण के लिए गढढों का खुदान कराने के निर्देश दिए।
डीएम प्रेरणा शर्मा ने कहा कि इस वर्ष सभी विभागों को पौधारोपण का जो भी लक्ष्य दिया गया है उसको निर्धारित समय सीमा के अंतर्गत पूर्ण करें और गंगा के वन क्षेत्र में फलदार पौधे रोपित किए जाएं। जियो टैगिंग एक माह के अंदर पूर्ण की जाए और पौधे जीवित रहने का भी ध्यान रखा जाए। पिछले वर्ष पौधारोपण मे जो कमियां रह गई थी, उन्हें इस वर्ष दूर कर लिया जाए।
जिलाधिकारी ने डीएफओ को पौधारोपण कार्य योजना तैयार कर संबंधित विभाग अधिकारियों को कार्य योजना उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। डीआईओएस को विद्यालय में कराए गए कार्यक्रमों की रिपोर्ट फोटो सहित उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि गढ़मुक्तेश्वर मेला क्षेत्र में गंगा समिति के माध्यम से ऑर्गेनिक पौधे लगवाए जाएं तथा गंगा क्षेत्र के अंतर्गत जो 26 गांव आते हैं, वहां पर मूलभूत सुविधाओं की कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। गंगा नदी को प्रदूषित होने से बचाने के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कराए जाएं।
सीडीओ प्रेरणा सिंह ने कहा कि मिशन लाइफ का मतलब लाईफ स्टाइल फॉर एनवायरनमेंट से है। ऐसी जीवन शैली को अपनाना और बढ़ावा देना जो पर्यावरण को नुकसान नहीं पहुंचाए। मिशन लाइफ हमें पर्यावरण की सुरक्षा के लिए प्रेरित करता है।
बैठक में एडीएम संदीप कुमार, एसडीएम सुनीता सिंह, डीएफओ संजय मल्ल, डीपीआरओ वीरेंद्र सिंह सहित विभिन्न विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।