सिंभावली। सिंभावली चीनी मिल में सोमवार को भी चौथे दिन करीब ढाई सौ कर्मचारी कामकाज का बहिष्कार कर धरने पर बैठे रहे। इस दौरान सपा नेता सुधीर चौहान ने धरना स्थल पहुंचकर अपना समर्थन दिया। वहीं, चीनी मिल के महाप्रबंधक करणसिंह धरना स्थल पर पहुंचे। जिन्होंने वार्ता करते हुए वाजिब मांगों को जल्द पूरा कराने का भरोसा दिया, लेकिन कर्मचारी इस जिद पर अड़े रहे कि पहले मांगों को पूरा करो फिर धरना समाप्त कर काम पर वापस लौटेंगे। वहीं, दूसरी तरफ सिंभावली शुगर मिल लेबर यूनियन से जुड़े मंदीप सिंह, देवेंद्र सिंह, सतेंद्र कुमार, प्रशांत त्यागी, लखेंद्र चौधरी, सचिन चौधरी, दीपक, उमेश, अमरजीत समेत करीब 30 कर्मचारी आंदोलन से पल्ला झाड़कर कामकाज पर लौट गए हैं। यूनियन अध्यक्ष नारायण सिंह का आरोप है कि मिल प्रबंधन द्वारा पुलिस और प्रशासन से सांठगांठ करते हुए अनैतिक दबाव बनाने के साथ ही कर्मचारियों को तरह तरह का प्रलोभन और भय दिखाकर आंदोलन को विफल करने का हरसंभव प्रयास किया जा रहा है, जिसे किसी भी दशा में सफल नहीं होने दिया जाएगा।