हापुड़। भगवान श्री जगन्नाथ रथ सेवा समिति के तत्वावधान में बृहस्पतिवार को श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर में भगवान जगन्नाथ का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान आयोजित संकीर्तन में श्रद्धालु भक्ति में लीन हो गए। सुबह नगर के विभिन्न मोहल्लों में पालकी यात्री निकाली गई। यात्रा का विभिन्न स्थानों पर जोरदार स्वागत किया गया।
भगवान जगन्नाथ जन्मोत्सव के अवसर पर आयोजित संकीर्तन में लोगों ने भगवान का गुणगान करते हुए श्रद्धालुओं को भक्ति में लीन कर दिया। इस दौरान भगवान के जयकारों से मंदिर प्रांगण गूंजता रहा। पालकी यात्रा बृहस्पतिवार को बुलंदशहर रोड स्थित मंशा देवी मंदिर से प्रारंभ होकर कोठी गेट, गोपीपुरा, लक्ष्मण गली, त्रिवेणी गंज, जवाहर गंज, आर्य नगर, माहेश्वरी मंदिर से होते हुए ज्ञान लोक में दीपक अग्रवाल के यहां विश्राम किया।
श्रद्धालुओं ने यात्रा का विभिन्न स्थानों पर पुष्प वर्षा से स्वागत कर भगवान जगन्नाथ के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। शुक्रवार को पालकी यात्रा अतरपुरा स्थित पथवारी माता मंदिर से प्रारंभ होकर, प्रेमपुरा, शिवपुरी स्थित देवी मंदिर से गत्ता फैक्टरी, न्यू शिवपुरी स्थित मिनीलैंड स्कूल के पास कूड़ेमल सुभाषचंद के यहां विश्राम करेगी। राकेश वर्मा ने बताया कि 25 जून को शहर में शहर में 23 वीं भव्य जगन्नाथ यात्रा निकाली जाएगी। इस मौके पर गोपाल अग्रवाल, राजू, अनुराग, मोनू शर्मा, जयभगवान, सुनील जैन, मदनलाल, नरेश, राजेश, हरिओम, विनय, संजय, राजेंद्र, शुभम, सौरभ आदि शामिल रहे।