संवाद न्यूज एजेंसी
हापुड़। थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के मोहल्ला नवी करीम में पिता व इसके तीन पुत्रों ने घर में खींचकर एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। इसमें युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है। पुलिस ने पिता व इसके तीन पुत्रों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की है। वहीं, पुलिस ने दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मोहल्ला निवासी राहुल ने बताया कि 28 जनवरी की रात करीब नौ बजे उसका भाई जतिन मोहल्ले में ही खड़ा था। इस दौरान मोहल्ले के ही बिट्टू उर्फ विनय, दिनेश, पिंटू उर्फ राजेश व संजय ने उसके भाई के साथ गाली गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने उसे जमकर पीटा और उसे अपने घर के अंदर खींचकर ले गए।
इस दौरान उक्त लोगों ने पीडि़त के भाई पर जानलेवा हमला किया। इसमें पीड़ित का भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। झगड़े की सूचना पर मोहल्ले के लोगों व पीड़ित ने घायलावस्था में अपने भाई को आरोपियों के घर से निकाला। इसके बाद भी आरोपियों ने पीड़ित के भाई को जान से मारने की धमकी दी है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार ने बताया कि तहरीर पर पिता व इसके तीन पुत्रों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। वहीं, नामजद बिट्टू उर्फ विनय व दिनेश को गिरफ्तार कर जेल ोज दिया गया है। फरार आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।