सिंभावली। थाना क्षेत्र के अन्तर्गत गांव वैठ के जंगल में स्थित बकरा फार्म पर काम करने वाले शैंकी (25) पुत्र राजेंद्र का शव फार्म के एक कोने में बोरी से ढका हुआ मिला। हत्या की सूचना पर पुलिस पुलिस ने शव की जांच के बाद आसपास की साक्ष्य ढूंढने का प्रयास किया।
गांव वैठ निवासी अफसर की भूमि किराये पर लेकर दिल्ली सीलमपुर निवासी वसीम ने बकरा फार्म खोला हुआ है। उसने दो माह पहले ही चार सौ रोज पर क्षेत्र के गांव बक्सर निवासी शैंकी को बकरों की देखभाल करने के लिए रखा था। बताया जाता है कि मंगलवार को शैंकी को मालिक वसीम ने फोन किया तो उसका फोन बंद आया। शाम को मालिक यहां पहुंचा तो फार्म का ताला बाहर से लगा हुआ था। मालिक ने पास ही स्थित मछली के तालाब पर कार्यरत कर्मचारियों को जानकारी दी। इसके बाद ताला तोड़कर सभी ने अंदर प्रवेश किया। फार्म के अंदर एक कोने में शैंकी का बोरी से ढका हुआ शव बरामद हुआ तो सभी के होश उड़ गए। जिसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना पर एएसपी राजकुमार अग्रवाल, सिंभावली थाना प्रभारी धमेंद्र सिंह मौके पर पहुंच गए और घटनास्थल की जांच की।
थाना प्रभारी ने बताया कि फार्म पर बकरों की संख्या पूरी है, किसी प्रकार का अन्य सामान जाने की भी शिकायत नहीं है। हत्या करने वाले करीबी लग रहे हैं। मुकदमा दर्ज कर जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।