हापुड़। गढ़ रोड स्थित सीएचसी की बिजली बृहस्पतिवार को गुल हो गई। मरीजों का उपचार टॉर्च की लाइट में हुआ। पर्चा, दवा काउंटर पर भी अंधेरा पसरा रहा। चिकित्सकों को एक्सरे, अल्ट्रासाउंड व अन्य फिल्म देखने के लिए भी कक्ष से उठकर बाहर आना पड़ा।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सबसे अधिक ओपीडी होती है। अस्पताल को 24 घंटे सप्लाई देने के लिए पटना मुरादपुर बिजलीघर से अलग फीडर बनाया गया है। लेकिन आए दिन इस लाइन में फाल्ट हो जाता है। जिस कारण पूरे अस्पताल की सप्लाई बाधित रहती है।
बृहस्पतिवार को झमाझम बारिश से अस्पताल की सप्लाई गुल हो गई। ऐसे में ओपीडी कक्ष, अस्पताल परिसर में अंधेरा छा गया। मरीज अंधेरे में ही लाइनों में लगे रहे, चिकित्सकों ने अपने मोबाइल की टॉर्च जलाकर ओपीडी चलायी। पर्चा काउंटर पर लंबी कतार लग गई। औषधि केंद्र पर फार्मासिस्टों को भी टॉर्च जलाकर दवाएं देनी पड़ी। सीएचसी अधीक्षक डॉ.दिनेश खत्री ने बताया कि सप्लाई बाधित होने के संबंध में बिजली निगम के अधिकारियों को सूचना दे दी गई। दोपहर में सप्लाई चालू हो सकी।