कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में 10 दिन पूर्व महिला के साथ गैंगरेप के मामले में अभी तक पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की है। पुलिस द्वारा मामले में हीलाहवाली बरतने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट का घेराव किया।
मौके पर पहुंचे एडीएम ने मामले में कार्रवाई का आश्वासन देकर ग्रामीणों को शांत कराया। बता दें कि 17 अक्तूबर को कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला खेत पर चारा लेने गई थी। इसी दौरान गांव के ही ललित व निश्चल ने महिला के साथ गैंगरेप किया।
पीड़ित परिजनों ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। घटना के 10 दिन बीतने के बाद पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं होने पर ग्रामीण भड़क गए। बृहस्पतिवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में भरकर कलक्ट्रेट पहुंचे।
ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। लोगों का आरोप है कि पुलिस जानबूझकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रही है। प्रदर्शन की सूचना पर कोतवाली पुलिस भी कलक्ट्रेट पहुंची।
पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन लोग नहीं माने। मौके पर पहुंचे एडीएम रजनीश राय ने ग्रामीणों को कार्रवाई का आश्वासन देकर उन्हें शांत कराया। कोतवाल यशवीर सिंह ने बताया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
रेप के मामले में जेल जा चुका है आरोपी
तीन वर्ष पहले भी आरोपी ललित गांव की ही एक युवती के साथ रेप के आरोप में जेल जा चुका है। एक माह पूर्व ही वह जेल से छूटकर आया था। वहीं, रिपोर्ट दर्ज होने के बावजूद अभी तक दोनों आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर हैं, जिसके चलते ग्रातीणों में रोष है।