थाना हापुड़ देहात क्षेत्र के मेरठ रोड स्थित पैट्रोल पंप के पास एक चाय के खोखे में सीमेंट से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर जा घुसी। इसमें चाय वाला और एक किशोर दब गए। लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला।
इसमें किशोर की मौके पर ही मौत हो गई जबकि ट्रैक्टर चालक व चाय वाला गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद सड़क के दोनों ओर करीब एक घंटे तक लंबा जाम लगा रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जाम खुलवाया।
जानकारी के मुताबिक, मेरठ रोड स्थित गैलेक्सी गार्डन के सामने पैट्रोल पंप के बराबर में गांव असौड़ा की अमन कालोनी निवासी मतलूब का चाय का खोखा है। शुक्रवार की सुबह खोखे पर पास के ही मैरिज होम के बाहर स्थित
कैंटीन में काम करने वाला उदय उर्फ आदेश (14) पुत्र सुनील निवासी गांधी विहार मट्ठी लेने के लिए गया था। इस दौरान हापुड़ की ओर से आ रही सीमेंट से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर खोखे में जा घुसी।
इससे वहां खड़ा उदय और मतलूब उसके नीचे दब गए जबकि ट्रैक्टर चालक गिरकर घायल हो गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों की मदद से घायल उदय और मतलूब को बाहर निकाला। इसमें उदय ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
एसडीएम मीनू राणा व सीओ सिटी शैलेंद्र सिंह राठौर भी मौके पर पहुंच गए। एक घंटे बाद मौके पर पहुंची क्रेन की मदद से ट्रैक्टर ट्रॉली को खोखे के ऊपर से हटवाया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
जबकि दोनों घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। ट्रैक्टर चालक के बारे में पुलिस जानकारी कर रही है। हादसे के बाद सड़क के दोनों ओर लंबा जाम लग गया। करीब एक घंटे तक जाम की स्थिति रही।
उधर, कोतवाली प्रभारी आरके सिंह का कहना है कि ट्रैक्टर ट्रॉली के चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। साथ ही ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया गया है।