फ्रीगंज रोड पर लूट की वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे दो बदमाशों को थाना कोतवाली पुलिस ने दबोचकर दवा व्यापारी से हुई लूट की वारदात का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी हुई पांच हजार की नगदी व तमंचा बरामद किया है। पुलिस आरोपियों के फरार साथी की तलाश में जुटी है।
शनिवार की रात पुलिस को सूचना मिली की फ्री गंज रोड पर बाइक सवार तीन संदिग्ध लूटपाट की फिराक में घूम रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर फ्री गंज रोड पर निरासरे सेवा समिति के पास से बाइक सवार दो बदमाशों को दबोच लिया।
पकड़े गए बदमाशों की पहचान शाहरुख निवासी निरासरे सेवा समिति व शादाब उर्फ बड़ा बौना के रूप में की गई। जबकि फरार तीसरा साथी शाहनावाज निवासी सिकंदर गेट को पुलिस तलाश कर रही है। पूछताछ में आरोपियों ने लूट की वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की है।
पुलिस के अनुसार 11 अगस्त को राधापुरी में दवा व्यापारी ताराचंद से बदमाशों ने एक लाख 65 हजार रुपये की नगदी लूटी थी। पुलिस ने दोनों बदमाशों से पांच हजार रुपये की नगदी व तमंचा सहित चाकू बरामद किया है। बरामद बाइक की भी जांच पड़ताल जा रही है।
कोतवाली प्रभारी यशवीर सिंह का कहना है कि दो लुटेरों को गिरफ्तार कर रिपोर्ट दर्ज किया गया है। साथ ही उनके फरार साथी की तलाश की जा रही है। साथ ही आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं।