पुनीत हत्याकांड में पुलिस ने तीन लोगों को शनिवार दोपहर हिरासत में लिया है। सभी से पूछताछ जारी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस मामले से जुड़े सातों आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्याकांड का खुलासा कर दिया जाएगा।
बता दें कि 7 जनवरी को कोतवाली क्षेत्र के गांव खेड़ा निवासी पुनीत शर्मा नोएडा गया था। उसके बाद वह लापता हो गया तो परिजनों ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। साथ ही हत्या की आशंका भी जताई थी।
इसके बाद 16 तारीख को युवक का शव थाना मसूरी के गांव नूरपुर में गन्ने के खेत में मिला था। पिता ने थाने में प्रशांत, ओमपाल, सुमित, अमित, सोनू, पूजा और पूनम सहित सात लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
एक सप्ताह बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से खफा परिजन रोज थाने के चक्कर काट रहे हैं। अब इस मामले में पुलिस हरकत में आ गई है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
सूत्रों के अनुसार, शनिवार दोपहर कोतवाली पुलिस ने अलग अलग स्थानों पर दबिश देकर तीन लोगों को हिरासत में लिया है। इन लोगों से आरोपियों तक पहुंचने के लिए पूछताछ की जा रही है।
उधर, कोतवाल दीपक त्यागी ने बताया कि आरोपियों को पकड़ने के लिए टीम गठित कर दी गई है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्याकांड का खुलासा कर दिया जाएगा।