देहात थाना क्षेत्र के मोहल्ला सोटावाली में गुरुवार को मामूली कहासुनी में बात बढ़ने पर दो पक्षों में जमकर पथराव हुआ। इस झगड़े में दोनों पक्षों के तीन लोग गंभीर रूप घायल हो गए। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने घायलों को मेडिकल के लिए भेजा है।
मोहल्ला सोटावाली निवासी अनुज और जितेंद्र में गुरुवार की सुबह किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। मामला बढ़ता देख मोहल्ले के लोगों ने बीच बचाव कर दोनों को शांत करा दिया। कुछ देर बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।
इस झगड़े में दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले और पथराव हुआ। मारपीट और पथराव से अनुज, पप्पू और भारत गंभीर रूप से घायल हो गए। पथराव से मोहल्ले में काफी देर तक अफरातफरी का माहौल रहा।
सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराते हुए घायलों को मेडिकल के लिए भेजा। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाते हुए तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
उधर, एसओ देहात दीक्षित त्यागी का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही पथराव करने वालों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।