दिल्ली के कार जॉन सेल्फ रेंट सर्विस सेंटर से किराए पर ले जाकर गायब की गई कार सिंभावली पुलिस ने पकड़ ली है। पुलिस ने कार सवार तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
दिल्ली के थाना कनॉट प्लेस के राजपुर रोड बुरारी निवासी राजीव कुमार कार जॉन सेल्फ रेंट सर्विस सेंटर चलाता है। उसकी स्विफ्ट कार को 17 अप्रैल को दिल्ली के रायपुरा का मुजेर उमर सिक्योरिटी और आईडी जमाकर पांच दिनों के लिए किराए पर ले गया था।
तय समय बीतने के बाद कार वापस न आई तो उसने थाना कनॉट प्लेस में कार चोरी की तहरीर दी थी। दिल्ली से आए मैसेज के आधार पर बाबूगढ़ और सिंभावली पुलिस ने घेराबंदी कर कार को गांव सिखैड़ा के पास से बरामद कर तीन लोगों को हिरासत में लिया है। कार मिलने की जानकारी दिल्ली पुलिस को दे दी गई है।