यदि आपको कोई व्यक्ति डिजिटल मार्केटिंग कंपनी द्वारा क्लिक से लाखों रुपये कमाई का सपना दिखा रहा हो, तो सावधान हो जाएं। जिले में अभी भी कुछ कंपनियों द्वारा क्लिक का गोरखधंधा तेजी से चल रहा है।
स्कूल, कालेजों के छात्रों के बीच इन कंपनियों के एजेंट सक्रिय हो रहे हैं, जो भोले भाले छात्रों को अपने जाल में फंसा रहे हैं। क्लिक करने पर रोजाना पैसा निवेशकों के खाते में भेजकर लोगों का भरोसा जीतने का प्रयास किया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि बीते दिनों एसटीएफ ने सोशल ट्रेड कंपनी पर छापेमार कार्रवाई कर 37 अरब रुपये की ठगी का खुलासा किया था। इस कंपनी में हापुड़ के लोगों का भी करोड़ों रुपया लगा हुआ था। इस कार्रवाई के बाद से जिले के निवेशक खासे परेशान चल रहे हैं।
हालांकि इस कार्रवाई के बाद अभी भी जिले में कई डिजिटल मार्केटिंग कंपनियां पूरी तरह सक्रिय हैं। ज्यादा से ज्यादा लोग इन कंपनियों में निवेश कर सकें, इसके लिए जिले में कई एजेंट भी लोगों को गुमराह करने में लगे हुए हैं।
ये एजेंट सबसे ज्यादा स्कूल, कालेजों के छात्रों में सक्रिय हो रहे हैं। भोले भाले छात्रों को लखपति बनाने का सपना दिखा, उनसे पैसा निवेश कराया जा रहा है। बता दें कि जिले में सबसे ज्यादा निवेशक सोशल ट्रेड से जुड़े हुए थे।
इस कंपनी पर कार्रवाई के बाद से नई कंपनियां अपना प्रभुत्व जमाने में लगी हुई हैं। इन कंपनियों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वास्तव में फिर से जिले के हजारों लोगों की गाढ़ी कमाई ठगी की भेंट चढ़ जायेगी।
एक डिजिटल मार्केटिंग कंपनी ने तो निवेशकों को इस हद तक अपने भरोसे में ले लिया है कि वह एसटीएफ की कार्रवाई के बाद भी पैसा निवेश करने से नहीं चूक रहे हैं। ऐसे ही कुछ निवेशकों का कहना है कि जिस कंपनी में उन्होंने निवेश किया है, बैंक उसकी गारंटी ले रहे हैं।
हालांकि लिखित में ऐसा कुछ दिखाने पर निवेशक चक्कर काट गए। जिले में चल रहीं कुछ डिजिटल मार्केटिंग कंपनियां क्लिक कराने पर रोजाना निवेशकों के खाते में पैसा भेज रही हैं। इससे निवेशकों का भरोसा इन कंपनियों पर ओर भी ज्यादा हो रहा है, जो कभी भी परेशानी का सबब बन सकता है।