कचहरी में पेशी पर आए एक कैदी को मोबाइल से बात कराने को लेकर एक सिपाही और वकील में मारपीट की नौबत आ गई। इस दौरान कचहरी में जमकर हंगामा हुआ। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने कैदी के परिजन समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया है। हालांकि देर शाम तक मामले में कोई रिपोर्ट नहीं दर्ज हुई है।
जानकारी के अनुसार बुधवार को एक कैदी कचहरी में पेशी पर आया था। इस दौरान कैदी के वकील ने मोबाइल से उसके किसी जानकार से बात कराने लगा। कैदी के साथ आए सिपाही ने जब इसका विरोध किया तो मामला गर्म हो गया। वकील और कैदी के परिजनों ने सिपाही के साथ अभद्रता शुरू कर दी।
दोनों पक्षों में हाथापाई होने लगी। मौके पर लोगों की काफी भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराया और कैदी के परिजन समेत तीन लोगों को हिरासत में लेकर थाने लजे आई। पुलिस तीनों से पूछताछ कर रही है।
कोतवाली प्रभारी आरके सिंह ने बताया कि फोन पर बात कराने को लेकर अधिवक्ता व सिपाही के बीच कहासुनी हो गई थी। किसी भी पक्ष की ओर से इस मामले में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।