आबकारी विभाग ने गंगा खादर के जंगल में गन्ने की फसल के बीच में कच्ची शराब बनाने के धंधे का भंडाफोड़ किया है। वहीं चेकंग के दौरान 25 लीटर शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आबकारी निरीक्षक प्रगल्भ लवानिया ने बताया कि
बुधवार सुबह गंगा खादर क्षेत्र के गांव अब्दुल्लापुर, नयागांव, शाहपुर चौधरी के जंगल में छापा मारा। वहां गन्ने के खेतों में अवैध कच्ची शराब गैर कानूनी ढंग में कच्ची शराब की भट्ठियां चलती मिली। छापामारी के दौरान टीम ने चार भट्ठियां पकड़ी।
मौके से 80 लीटर कच्ची शराब, पांच हजार लीटर लहन, शराब बनाने के उपकरण और ड्रम बरामद किए हैं। उन्होंने बताया कि सभी सामान को कब्जे में लेकर लहन को नष्ट कर दिया गया है। टीम को देखकर शराब बना रहे लोग खेतों में घुसकर भाग निकलने में सफल हो गए।
जिनकी सुरागरसी कराई जा रही है। वहीं नयागांव-शाहपुर रोड पर वाहन चेकिंग के दौरान एक बाइक की तलाशी में 25 लीटर कच्ची शराब बरामद हुई। पुलिस ने बाइक को कब्जे में लेकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी भीम निवासी नयागांव के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।