बैंक कालोनी के एक मकान चल रहा था जुआ
- फोटो : अमर उजाला
कोतवाली क्षेत्र की बैंक कालोनी में एक मकान में जुआ खिलाने का आरोप लगाकर लोगों ने शुक्रवार को कोतवाली का घेराव किया। उनका आरोप है कि पुलिस ने मौके से आठ लोगों को हिरासत में लिया था, लेकिन एक आरोपी को छोड़ दिया।
पुलिस का दावा है कि मौके से पकड़े गए सभी सातों लोगों का चालान किया गया है। शुक्रवार को बैंक कालोनी के लोग बसपा विधानसभा प्रभारी आदेश कुमार गुड्डू के साथ कोतवाली पहुंचे और वहां प्रदर्शन किया।
लोगों ने बताया कि उनके मोहल्ले में एक व्यक्ति घर में जुआ और सट्टा खिलवाता है। साथ ही अवैध शराब बेचता है। मोहल्ले के लोग विरोध करते हैं तो वह धमकाता भी है। बताया गया कि बृहस्पतिवार रात करीब साढ़े नौ बजे पड़ोस में कुछ लोगों का शोर सुना।
उन्होंने गृहस्वामी को मौके पर बुलाया तो उसने लोगों से अभद्रता की। बाद में वह हवाई फायरिंग कर भाग गया। पुलिस ने कुल आठ लोगों को हिरासत में लिया, लेकिन एक आरोपी को छोड़ दिया। एसएचओ वीरेंद्र सिंह यादव मौके पर पहुंचे और लोगों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
एसएचओ ने बताया कि सभी लोगों का जुआ की धारा में चालान किया गया हैै। वहां पर भूरे सिंह, मुकेश चंद, राज सिंह, राजपाली, कमोली राम, प्रेमचंद, अजय कुमार, नेपाल सिंह, मुनेश कुमार, राजेंद्र सिंह, रमेश चंद्र आदि रहे।